जब ट्रेन डेनवर पहुँची तो उसमें बहुत से यात्री सवार हुए। एक डिब्बे में एक बहुत ही ख़ूबसूरत युवती बैठी थी, उसने शानदार कपड़े पहने थे और वह एक अनुभवी यात्री की तरह आराम से थी।

नए आने वालों में दो जवान आदमी थे, जिनमें से एक हँसमुख और अच्छी शख़्सियत वाला था और दूसरा उदास चेहरे वाला, भारी बदन और मोटे कपड़ों में था। दोनों एक दूसरे के हाथों में हथकड़ी लगाए हुए थे। जैसे ही वे लोग डिब्बे के अंदर आए, उन्हें बस एक ही सीट ख़ाली मिली, जो उस ख़ूबसूरत युवती के सामने थी। हथकड़ी लगाए हुए ये दोनों वहीं बैठ गए।

युवती ने पहले उनकी तरफ देखा और फिर उसने बेपरवाही से नज़रें फेर लीं। फिर उसके चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान आई और उसके गुलाबी गालों पर लाली छा गई। उसने अपनी भूरी-ग्लव्स वाली छोटी-सी हथेली आगे बढ़ाई और साफ, मीठी आवाज़ में कहा:

"मिस्टर ईस्टन, अगर आप चाहते हैं कि मैं पहले बात करूँ, तो ठीक है। क्या अब आप अपने पुराने दोस्तों को भूल गए हैं?"

आवाज़ सुनकर, जवान आदमी एकदम चौक गया। वह थोड़ा घबराया, लेकिन तुरंत खुद को संभाला और अपने बाएं हाथ से उसकी उंगलियाँ थाम लीं।

"ओह! यह तो मिस फेयरचाइल्ड हैं," उसने मुस्कराकर कहा, "मैं चाहूँगा कि आप मेरे दूसरे हाथ के लिए माफ़ी दें, यह अभी कहीं और काम में लगा हुआ है।"

उसने अपना दाहिना हाथ थोड़ा सा उठाया, जो एक चमचमाती हथकड़ी से उसके साथी के बाएं हाथ से बंधा हुआ था। लड़की की आँखों में जो ख़ुशी थी, वो धीरे-धीरे डर में बदल गई। उसके गालों की लाली उड़ गई। उसके होंठ कुछ घबराहट और परेशानी में हल्के से खुल गए। ईस्टन, थोड़ा हँसते हुए, फिर से कुछ कहने ही वाला था कि दूसरे आदमी ने उसे रोक दिया। उदास चेहरे वाला आदमी अपनी तेज़ और चालाक आँखों से लड़की के चेहरे को देख रहा था। उदास चेहरे वाले आदमी ने कहा:

"बीच में बोलने के लिए, माफ़ कीजिएगा, मिस, लेकिन मैं देख रहा हूँ कि आप यहाँ के मार्शल (पुलिस अधिकारी) को जानती हैं। अगर आप उनसे कहें कि जब हम जेल पहुँचें तो वे मेरे लिए कुछ कहें, तो वे ऐसा करेंगे और मेरे लिए वहाँ चीज़ें आसान हो जाएँगी। ये मुझे लीवनवर्थ जेल ले जा रहे हैं। जाली नोट बनाने के जुर्म में मुझे सात साल की सज़ा हुई है।"

"ओह!" लड़की ने गहरी साँस ली और उसके चेहरे का रंग लौट आया। "तो आप यहाँ यह सब कर रहे हैं? एक मार्शल!"

"मेरी प्यारी मिस फेयरचाइल्ड," ईस्टन ने शांत भाव से कहा, "मुझे कुछ करना ही था। पैसा उड़ जाता है, और आप जानती हैं कि वॉशिंगटन में हमारे दोस्तों के साथ रहने के लिए पैसे की ज़रूरत होती है। मुझे पश्चिम में यह मौका मिला, और...ठीक है, एक मार्शल की नौकरी राजदूत जितनी अच्छी तो नहीं है, लेकिन..."

"अब राजदूत ज़्यादा नहीं आते," लड़की ने गर्मजोशी से कहा। "उन्हें कभी आने की ज़रूरत भी नहीं थी। आपको यह पता होना चाहिए। और अब आप उन बहादुर पश्चिमी नायकों में से एक हैं, जो सवारी करते हैं, गोली चलाते हैं और हर तरह के ख़तरों का सामना करते हैं। यह वॉशिंगटन की ज़िंदगी से अलग है। पुराने दोस्तों को आपकी बहुत याद आती है।"

लड़की की आँखें, जो उत्सुकता से देख रही थीं, वापस चमचमाती हथकड़ी पर आ गईं।

"उनकी चिंता मत कीजिए, मिस," दूसरे आदमी ने कहा। "सभी मार्शल अपने क़ैदियों को भागने से रोकने के लिए खुद को उनसे हथकड़ी से बांध लेते हैं। मिस्टर ईस्टन अपना काम जानते हैं।"

"क्या हम आपको जल्द ही वॉशिंगटन में देखेंगे?" लड़की ने पूछा।

"मुझे नहीं लगता," ईस्टन ने कहा। "मुझे डर है कि मेरे वो दिन अब खत्म हो गए हैं।"

"मुझे पश्चिम बहुत पसंद है," लड़की ने बेमतलब कहा। उसकी आँखें चमक उठी थीं। उसने गाड़ी की खिड़की से बाहर देखा। उसने अपनी बनावट छोड़ दी थी और बिना किसी दिखावे के, साफ़ और सच्चे मन से बोलना शुरू किया: "मैं और माँ ने गर्मी की छुट्टियाँ डेनवर में बिताई थीं। वह एक हफ़्ता पहले घर लौट गई थीं क्योंकि पिताजी थोड़े बीमार थे। मैं पश्चिम में रह सकती हूँ और ख़ुश रह सकती हूँ। मुझे लगता है कि यहाँ की हवा मुझे रास आती है। पैसा ही सब कुछ नहीं होता। लेकिन लोग हमेशा चीज़ों को ग़लत समझते हैं और बेवकूफ़ बने रहते हैं..."

"अरे, मिस्टर मार्शल," उदास चेहरे वाले आदमी ने ग़ुस्से में कहा। "यह ठीक नहीं है। मुझे एक ड्रिंक चाहिए, और मैंने पूरे दिन में एक सिगरेट भी नहीं पी है। क्या आप बहुत देर से बातें कर रहे हैं? अब मुझे स्मोकर वाले डिब्बे में ले चलेंगे क्या? मैं सिगरेट के बिना मरा जा रहा हूँ।"

दोनों यात्री उठ खड़े खड़े हुए, ईस्टन के चेहरे पर वही धीमी मुस्कान थी।

"मैं तंबाकू की विनती को ठुकरा नहीं सकता," उसने आराम से कहा। "यह बदक़िस्मत आदमी का इकलौता दोस्त है। अलविदा, मिस फेयरचाइल्ड। मेरा फर्ज मुझे बुला रहा है, आप तो जानती हैं।" उसने अलविदा के लिए अपना हाथ बढ़ाया।

"यह बहुत बुरा है कि आप पूर्व की ओर नहीं जा रहे हैं," लड़की ने फिर से अपने पुराने अंदाज़ और सलीक़े में कहा। "लेकिन मुझे लगता है कि आपको लीवनवर्थ जाना ही पड़ेगा?"

"हाँ," ईस्टन ने कहा, "मुझे लीवनवर्थ जाना ही पड़ेगा।"

दोनों आदमी साथ-साथ चलते हुए गलियारे से स्मोकर वाले डिब्बे की तरफ चले गए।

पास की सीट पर बैठे दो मुसाफ़िरों ने बातचीत का ज़्यादातर हिस्सा सुन लिया था। उनमें से एक बोला, "वह मार्शल अच्छा आदमी है। ये पश्चिमी लोग बहुत अच्छे होते हैं।"

"इस तरह का पद सँभालने के लिए वह बहुत जवान है, है ना?" दूसरे ने पूछा।

"जवान!" पहले आदमी ने चिल्लाकर कहा, "अरे! क्या तुम्हें समझ नहीं आया? ज़रा बताओ तो—क्या तुमने कभी किसी पुलिस अधिकारी को अपने कैदी को दाहिने हाथ से हथकड़ी लगाते हुए देखा है?"