यह 3 मार्च, 1770 की शाम थी। पूरे शहर में ब्रिटिश सैनिकों के बैंड की धुन सुनाई दे रही थी। सूरज की आखिरी किरणें टाउन-हाउस पर चमक रही थीं और किंग्स स्ट्रीट में बांसुरी और ढोल की आवाज़ गूँज रही थी। सभी चौकीदार अपनी-अपनी पोस्ट पर तैनात हो गए थे। एक चौकीदार कस्टम-हाउस के सामने बर्फ पर टहल रहा था और गार्ड-रूम की गर्म आग के पास जाने के लिए बेचैन था।
उस शाम, कुछ छोटी-मोटी झड़पें हुईं, जो किसी बड़ी परेशानी का संकेत दे रही थीं। कुछ नौजवान लड़के गलियों के कोनों पर खड़े होकर या गलियों में घूमकर, ड्यूटी से लौट रहे सैनिकों को परेशान कर रहे थे। जब भी वे एक-दूसरे के सामने आते, नौजवान उन्हें चिढ़ाने या उकसाने की कोशिश करते।
"डरपोक लाल-केकड़ों, बाहर निकलो!" एक ने चिल्लाकर कहा। "इन लाल-कोट वालों को फुटपाथ से भगाओ! इन्हें बोस्टन की गलियों में रहने का कोई हक़ नहीं है।" दूसरे ने कहा।
"ओह, तुम विद्रोही शैतानों!" सैनिक गुस्से में उन नौजवानों को घूरते हुए बोले। "किसी दिन, हम संगीन के बल पर बोस्टन की गलियों से गुज़रेंगे!"
रात के लगभग आठ बजे, अचानक अलार्म की घंटी जोरों से बजने लगी। लोग यह सोचकर बाहर भागे कि आग लगी है, लेकिन आग कहीं नहीं दिख रही थी, और न ही हवा में धुएँ की कोई गंध थी। इसलिए ज़्यादातर लोग अपने घर लौट गए। लेकिन कुछ नौजवानों को लगा कि कुछ होने वाला है, इसलिए वे गलियों में ही रुक गए।
रात लगभग नौ बजे, कुछ नौजवान किंग्स स्ट्रीट पहुँचे। कस्टम-हाउस के सामने एक चौकीदार तैनात था। जैसे ही वे उसके करीब पहुँचे, उसने बंदूक उठा ली और अपनी संगीन को उनकी छाती पर तानने के लिए तैयार हो गया।
"वहाँ कौन है?" उसने भारी आवाज़ में पूछा।
नौजवानों को लगा कि उन्हें अपनी गलियों में चलने का हक़ है, इसलिए उन्होंने चौकीदार को बुरा-भला कहा। इस पर झगड़ा शुरू हो गया। शोर सुनकर दूसरे सैनिक भी अपने साथी की मदद के लिए दौड़ पड़े, और शहर के बहुत से लोग किंग्स स्ट्रीट में इकट्ठा हो गए।
महीनों से लोग सैनिकों का जो बुरा बर्ताव और अपमान सह रहे थे, वह अब गुस्से में बदल गया। उन्होंने सैनिकों पर बर्फ के गोले और टुकड़े फेंके। जब शोर-शराबा बढ़ गया, तो कैप्टन प्रेस्टन तक खबर पहुँची। उन्होंने तुरंत आठ सैनिकों को अपनी बंदूकें लेकर उनके पीछे आने का आदेश दिया। वे भीड़ को हटाते हुए आगे बढ़े और लोगों को संगीनों से चुभाने लगे।
एक आदमी ने कैप्टन प्रेस्टन की बाँह पकड़ी और कहा, "भगवान के लिए, सर,ध्यान दें कि आप क्या कर रहे हैं, नहीं तो यहाँ खून-खराबा हो जाएगा।"
"एक तरफ़ हो जाओ!" कैप्टन प्रेस्टन ने घमंड से जवाब दिया। "सर, दखल मत दीजिए। यह मामला मुझे संभालने दीजिए।"
चौकीदार के पास पहुँचकर, कैप्टन प्रेस्टन ने अपने आदमियों को एक आधे गोले के आकार में खड़ा कर दिया। जब लोगों ने अफ़सर को और सैनिकों के इस हरकत को देखा, तो उनका गुस्सा और भड़क गया।
"गोलियां चलाओ, डरपोक लाल-केकड़ों!" कुछ चिल्लाए।
"तुम्हारी गोली चलाने की हिम्मत नहीं है, डरपोक लाल-कोट वालो!" - दूसरे चिल्लाए।
बहुत सी आवाज़ें आईं, "उन पर हमला करो! उन शैतानों को उनकी बैरक में भगाओ! मारो उन्हें! अगर उनमें हिम्मत है तो गोली चलाएं!"
इस शोर-शराबे में, सैनिक लोगों को घूर रहे थे।
ओह, वह बहुत मुश्किल समय था! उस पल भी, इंग्लैंड और अमेरिका के बीच की नाराज़गी को खत्म किया जा सकता था। इंग्लैंड को बस दोस्ती का हाथ बढ़ाना था और यह मान लेना था कि उसने अपने अधिकारों को गलत समझा था। तब दोनों के बीच दोस्ती का पुराना रिश्ता फिर से जुड़ जाता। लेकिन, अगर राजा के सैनिकों ने एक भी अमेरिकी का खून बहाया, तो यह एक ऐसी लड़ाई होगी जो आखिरी साँस तक लड़ी जाएगी।
"दुष्टों! हिम्मत है तो गोली चलाओ!" लोग चिल्लाए। "तुममें हिम्मत नहीं है!"
लोग संगीनों की तरफ़ भागने के लिए तैयार लग रहे थे। कैप्टन प्रेस्टन ने अपनी तलवार हिलाई और कुछ कहा, जो शोर के कारण ठीक से सुनाई नहीं दिया। उनके सैनिकों को लगा कि उन्होंने 'गोली चलाओ' का आदेश दिया है। बंदूकों से निकली चमक से पूरी गली रोशन हो गई। ग्यारह लोग सड़क पर पड़े थे। कुछ घायल थे और कुछ की मौत हो चुकी थी। खून बर्फ पर बह रहा था। किंग्स स्ट्रीट का वह बैंगनी दाग लोग कभी भूले नहीं और न ही उन्होंने माफ़ किया।
दादाजी की बात पर छोटी ऐलिस ज़ोर-ज़ोर से रोने लगी। दादाजी अपनी बातों में इतने खो गए थे कि वह यह भूल गए कि यह कहानी एक छोटे बच्चे को डरा सकती है।
दादाजी ने खुद को डांटते हुए कहा, "मुझे अपनी प्यारी छोटी ऐलिस का ख्याल रखना चाहिए था।" फिर अफ़सोस जताते हुए बोले, "कितनी दुख की बात है! उसके मासूम दिल ने इस दुनिया के पाप और हिंसा को महसूस किया है।"
जब ऐलिस चली गई, तो चार्ली ने दादाजी से पूछा, "दादाजी, क्या लोगों ने सैनिकों पर हमला करके उनसे बदला नहीं लिया?"
दादाजी ने जवाब दिया, "शहर में ढोल बजने लगे और अलार्म की घंटियाँ गूँजने लगीं, जिससे एक बड़ी भीड़ किंग्स स्ट्रीट में आ गई। उनमें से कई लोगों के पास हथियार थे। ब्रिटिश सैनिक खुद को बचाने के लिए तैयार हो गए और एक पूरा रेजिमेंट हमले का इंतज़ार करते हुए गली में खड़ा हो गया।"
"और इसका अंत कैसे हुआ?" चार्ली ने पूछा।
दादाजी ने कहा, "गवर्नर हचिंसन वहाँ तुरंत पहुँचे, और लोगों से सब्र करने को कहा। उन्होंने उनसे न्याय का वादा किया। एक-दो दिन बाद, ब्रिटिश सैनिक शहर छोड़कर चले गए। कैप्टन प्रेस्टन और आठ सैनिकों पर हत्या का मुक़दमा चला। लेकिन उनमें से कोई भी दोषी नहीं पाया गया। जजों ने फैसला करने वाली कमेटी को समझाया कि सैनिकों के साथ जो बुरा व्यवहार हुआ था, उसने उन्हें भीड़ पर गोली चलाने के लिए मजबूर कर दिया।"
लॉरेंस ने कहा, "क्रांति उतनी शांत और महान नहीं थी, जैसा मैंने सोचा था। मुझे गलियों में भीड़ और झगड़ों के बारे में सुनना बिलकुल पसंद नहीं है।"
दादाजी ने कहा, "फिर भी, हमारी क्रांति जैसा महान बदलाव दुनिया ने कभी नहीं देखा। लोग एक नेक और अच्छी भावना से भरे हुए थे। हाँ, उस भावना को दिखाने के उनके तरीके में गलतियाँ हो सकती हैं, लेकिन वे इससे बेहतर कुछ नहीं जानते थे। हमें उनकी गलतियों को माफ़ करना चाहिए और उनके दिल में छिपे नेक इरादों को देखना चाहिए।"
लॉरेंस ने कहा, "मैं सोचता हूँ कि कुछ ऐसे लोग भी होंगे जिन्हें पता था कि कैसे सही तरीके से काम करना है?"
"ऐसे बहुत से लोग थे," दादाजी ने जवाब दिया, " हम उनके बारे में बाद में बात करेंगे।"
अगली सुबह, दोनों लड़के स्टेट स्ट्रीट में गए और उसी जगह पर खड़े हुए जहाँ क्रांति का पहला खून बहा था। ओल्ड स्टेट हाउस अभी भी वहीं था। यह बोस्टन नरसंहार का अकेला बचा हुआ गवाह है।